माननीय संतोष वरकड़े जी के मार्गदर्शन में दिनांक 30/03/2026 सिविल अस्पताल सिहोरा में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्व. श्रीमती शकुंतला तिवारी स्मृति सेवा समिति के तत्वावधान में “स्वस्थ गांव से स्वस्थ भारत अभियान” के अंतर्गत सुखसागर मेडिकल कॉलेज, जबलपुर के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. सत्येंद्र सोनी (जनरल मेडिसिन), डॉ. आलोक मिश्रा (नेत्र रोग), डॉ. रंजीत लोधी (सर्जरी), डॉ. सोहिल अली (मानसिक रोग), डॉ. आदित्य यादव (जनरल मेडिसिन), डॉ. अजय सैनी (नाक-कान-गला रोग), हिमांशु गुप्ता तथा डॉ. विजया (स्त्री रोग) सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।
शिविर में सामान्य रोग, हड्डी रोग, मानसिक रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग तथा नाक-कान-गला रोग से पीड़ित 200 से अधिक मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं परामर्श किया गया तथा उन्हें दवाइयाँ भी वितरित की गईं। वहीं गंभीर स्थिति वाले 15 मरीजों को ऑपरेशन हेतु सुखसागर मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर किया गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष डॉ. कार्तिकेय तिवारी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आर्शिया खान का आभार व्यक्त किया तथा अस्पताल के समस्त कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।